वाराणसी : सीने पर मोबाइल रखकर सोया, आकाशीय बिजली से युवक की मौत की आशंका, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के रूपचंदपुर गांव में मंगलवार की रात युवक सीने पर मोबाइल रखकर सोया, लेकिन सुबह नहीं उठा। परिजन आननफानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बारिश के दौरान मोबाइल के चलते आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की छानबीन में जुटी रही।
रूपचंदपुर गांव निवासी विनय यादव (25) मंगलवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। कमरे की खिड़की खुली थी। बताया गया कि सोने के दौरान विनय ने अपना मोबाइल फोन सीने पर रखा हुआ था। बुधवार सुबह करीब चार बजे बारिश शुरू हुई। सुबह मां उसे जगाने गईं, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इस पर मां रोने-चिल्लाने लगीं। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार घटना के समय विनय मोबाइल चला रहा था। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर चोलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

