वाराणसी : राखी देकर लौट रहे युवक की बाइक सांड़ से टकराई, मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। रक्षाबंधन के दिन राजातालाब से राखी देकर बाइक से घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। शिवपुर थाना क्षेत्र के दादूपुर रिंग रोड पर फंटेसिया वाटर पार्क मार्ग के पास शाम करीब 4:30 बजे अचानक सड़क पर आए सांड़ से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में लोढ़ान गांव निवासी संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संदीप को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया गया कि संदीप रक्षाबंधन के अवसर पर राजातालाब गए थे, जहां उन्होंने अपनी बहनों को राखी दी थी। इसके बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दादूपुर रिंग रोड पर फंटेसिया वाटर पार्क मार्ग के पास अचानक सांड़ सामने आ गया। संदीप बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और जोरदार टक्कर हो गई।
संदीप के घर लौटने का परिजन इंतजार कर रहे थे। बहनें स्वाति और मुस्कान भाई की कलाई पर राखी बांधने और त्योहार की खुशियां साझा करने की प्रतीक्षा कर रही थीं। इसी बीच हादसे की खबर पहुंचते ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
संदीप की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी काजल और मां संजू देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। संदीप अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बच्चों, मां और छोटे भाई को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद लोढ़ान गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।

