वाराणसी : तुलसी घाट पर गंगा में डूबने से युवक की मौत, नहीं मानी चेतावनी, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसी घाट पर मंगलवार भोर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गाजीपुर जनपद के रेवतीपुर निवासी 21 वर्षीय तुषार राय गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

तुषार राय अपने साथियों के साथ वाराणसी आए थे। रात करीब तीन बजे वह गंगा में स्नान करने के लिए तुलसी घाट पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें आगे न जाने और जेटी पार न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन चेतावनी को नजरअंदाज कर गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ द्वारा तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक के शव को गंगा से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी रही।

