वाराणसी : मिर्जामुराद में कार सवार बदमाशों ने महिला के गले से छीना मंगलसूत्र, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज झपटमारी की घटना सामने आई, जहां कार सवार बदमाशों ने दुकान पर बैठी महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।
मिर्जामुराद गांव निवासी मंजू देवी, पत्नी राजकुमार, अपनी दुकान पर बैठी थीं। रात के समय एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार उनकी दुकान के पास आकर रुकी। कार से उतरे एक युवक ने सामान्य ग्राहक बनकर बिस्किट व अन्य सामान मांगा। महिला जैसे ही सामान देने के लिए पीछे मुड़ी, युवक ने मौका पाकर झपट्टा मारा और उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से कार में बैठा और अपने साथियों के साथ कछवांरोड की दिशा में फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पीड़िता के अनुसार कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। एक युवक कार चला रहा था, जबकि दूसरा युवक सामान खरीदने के बहाने दुकान पर आया था। झपटमारी के दौरान मंगलसूत्र का सोने का लॉकेट महिला के हाथ में ही रह गया, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना जल्दबाजी में अंजाम दी गई।
बताया जा रहा है कि कार की नंबर प्लेट पर “यूपी 65” अंकित था, जबकि बाकी नंबर मिट्टी से ढका हुआ था, जिससे स्पष्ट है कि बदमाश पहचान छिपाने की कोशिश में थे। कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचन्द्र यादव ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

