वाराणसी : दिनदहाड़े ट्रेन में महिला यात्री का पर्स छीनकर भागा उचक्का, जांच में जुटी जीआरपी 

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शिवपुर रेलवे स्टेशन पर नेपालगंज रोड-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस में महिला यात्री का पर्स छीनकर उचक्का चलती ट्रेन से भाग गया। पर्स में करीब 25 हजार रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। पीड़िता ने बुधवार को कैंट जीआरपी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जीआरपी मामले की जांच में जुटी है।

पीड़िता बुधवार को ट्रेन से वाराणसी आ रही थी। ट्रेन जब शिवपुर रेलवे स्टेशन के करीब पहुंची, तभी एक युवक महिला का पर्स लेकर चलती ट्रेन से उतरकर भाग निकला। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। घटना के बाद महिला ने आसपास के यात्रियों से मदद मांगी और मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को दी।

पीड़िता ने जीआरपी को बताया कि पर्स में करीब 25 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे। घटना के बाद से वह परेशान रही। पुलिस अब स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

आजमगढ़-बांद्रा एक्सप्रेस में भी महिला का पर्स चोरी
इसी तरह आजमगढ़ से मुंबई जा रही आजमगढ़-बांद्रा एक्सप्रेस में भी महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। पीड़िता किरन भारती के अनुसार, वह कोच संख्या एस-5 में सफर कर रही थी। मुंबई जाने के दौरान ट्रेन के रुकने पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका पर्स चोरी कर लिया।

किरन भारती ने कैंट जीआरपी में प्रार्थनापत्र देकर घटना की जानकारी दी। आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी पीड़िता ने बताया कि वह 19 सितंबर को आजमगढ़ से मुंबई जाने के लिए ट्रेन संख्या 05183 में सवार हुई थीं। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर राजेश नामरे ने बताया कि 21 सितंबर को चोरी की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। घटना की जांच की जा रही है।

Share this story