वाराणसी : संयुक्त खाते से 81 लाख की ठगी का आरोप, युवती ने रिश्ते में मामा लगने वाले आरोपी पर दर्ज कराया केस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन, खोजवा इलाके में एक युवती के साथ रिश्ते में मामा लगने वाले व्यक्ति द्वारा लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला संयुक्त बैंक खाते के दुरुपयोग और विश्वासघात से जुड़ा बताया जा रहा है।

पीड़िता अनामिका उर्फ नीलू मौर्या ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पिता तेजबली मौर्या के निधन के बाद आरोपी अजीत कुशवाहा उर्फ पप्पू उनके घर अक्सर आने-जाने लगा। पारिवारिक संबंधों और विश्वास का लाभ उठाते हुए उसने दुर्गाकुंड स्थित उपडाकघर में पीड़िता के साथ एक संयुक्त खाता खुलवा लिया।

आरोप है कि पीड़िता ने अपने निजी खाते से करीब 81 लाख रुपये इस संयुक्त खाते में ट्रांसफर किए। इनमें से लगभग 25 लाख रुपये मंथली इनकम स्कीम (एमआईएस) में जमा कराए गए थे। वहीं, आरोपी ने संयुक्त खाताधारक होने का फायदा उठाकर करीब 41 लाख रुपये विभिन्न योजनाओं में अपने नाम से निवेश कर लिए।

पीड़िता का कहना है कि जब उसे इस वित्तीय गड़बड़ी की जानकारी हुई और उसने आरोपी से रकम वापस करने को कहा, तो उसने इनकार कर दिया और पूरी राशि को अपना बताने लगा। इतना ही नहीं, आरोपी पर करीब 1.20 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट समय से पहले तुड़वाकर राशि अपने खाते में ट्रांसफर करने का भी आरोप है।

इसके अलावा, पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके सोने के आभूषण, मोबाइल फोन, स्कूटी की चाबी और पिता की पेंशन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी अपने पास रखे हुए है। मांगने पर सामान लौटाने से इनकार करने के साथ ही धमकी देने की बात भी सामने आई है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story