वाराणसी : रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फावड़े से हमले में युवक गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खजुरी गांव निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके घर आने-जाने के लिए एकमात्र रास्ता है, जिसका उपयोग गांव के लगभग दस परिवार करते हैं। यह रास्ता पूर्व में ग्राम प्रधान द्वारा आपसी सहमति से बनवाया गया था और लंबे समय से सभी लोग इसका उपयोग करते आ रहे हैं।

आरोप है कि रविवार को गांव के ही कुछ लोग उक्त रास्ते पर पिलर खड़ा कर निर्माण कार्य शुरू करने लगे। जब राजेश कुमार ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि राजेश, सुरेन्द्र, पन्दू और अमरनाथ नामक व्यक्तियों ने मिलकर उन पर फावड़े से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story