वाराणसी : सिगरा भारत सेवा आश्रम के सामने फिर धंसी सड़क, दोबारा उभरी समस्या से लोगों में नाराजगी, सुरक्षा पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। भारत सेवा आश्रम के सामने फल मंडी जाने वाली सड़क दोबारा धंस गई है। सड़क धंसने के साथ ही वहां जलभराव की स्थिति भी बन गई है, जिससे स्थानीय लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

123

स्थानीय निवासी अमन के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले भी इसी स्थान पर सड़क धंस गई थी। उस समय राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए संबंधित विभाग ने जल्दबाजी में मरम्मत कर सड़क को दुरुस्त करने का दावा किया था। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत केवल अस्थायी रही और कुछ ही दिनों में सड़क फिर से धंस गई। अब दोबारा गड्ढा बनने और बारिश के पानी के जमा होने से स्थिति पहले से अधिक गंभीर हो गई है।

यह मार्ग शहर के व्यस्त रास्तों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। आसपास स्थित विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इसी सड़क का उपयोग करते हैं। ऐसे में धंसी हुई सड़क और जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी भरे होने से गड्ढे की गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए जोखिम बढ़ गया है।

123

क्षेत्रवासियों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि पास में नगर निगम का कार्यालय होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि किसी स्कूली बच्चे या राहगीर के साथ दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से सड़क की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संभावित हादसों को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल अस्थायी मरम्मत और दावों से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि टिकाऊ व्यवस्था ही लोगों को राहत दिला सकती है।

Share this story