वाराणसी : 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, कई भीषण चोरियों को दिया अंजाम, चोरी के जेवर गलाकर बना डाले सोने-चांदी के बिस्किट
वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश चित्रांश खरवार उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के जेवरों को गलाकर तैयार किए गए सोने और चांदी के बिस्किट, एक सोनी डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद किए। आरोपी पर वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं।
एडीसीपी वरूणा जोन लिपि नगायच ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन, एडीसीपी वरुणा के पर्यवेक्षण और एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर सारनाथ पुलिस और एसओजी की टीम ने गुरुवार तड़के करीब 12:45 बजे फरीदपुर अंडरपास के पास से चित्रांश उर्फ चीकू को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी की गिरफ्तारी से सारनाथ थाना क्षेत्र में दर्ज तीन प्रमुख चोरी के मामलों का खुलासा हुआ। इनमें आशापुर के लोहिया नगर ईस्ट निवासी सीताराम गुप्ता के घर से कैमरे, घड़ियां, सोने की अंगूठी और चांदी के सिक्कों की चोरी, बेनीपुर बैंक कॉलोनी निवासी शिवांश मिश्रा के घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की चोरी तथा पुराना आरटीओ क्षेत्र निवासी महेंद्र यादव के घर से गहने और नकदी चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी शादी-विवाह और अन्य समारोहों के दौरान घरों की रेकी कर सुनसान मकानों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह सोने और चांदी के आभूषणों को गलाकर बिस्किट का रूप दे देता था, ताकि उनकी पहचान न हो सके और उन्हें आसानी से बेचा जा सके। बरामद पीली धातु का बिस्किट करीब 110.5 ग्राम तथा सफेद धातु का बिस्किट करीब 643 ग्राम वजन का है। इसके अलावा एक सोनी डीएसएलआर कैमरा और 67 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चित्रांश उर्फ चीकू पर चेतगंज, सिगरा, चितईपुर, लालपुर-पांडेयपुर, सारनाथ और जैतपुरा समेत विभिन्न थानों में वर्ष 2022 से लगातार चोरी और चोरी के माल से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। हालिया मामलों में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस टीम में सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य मामलों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

