वाराणसी : बीच सड़क तमंचे से फायर कर बनाया रील, सोशल मीडिया में वायरल, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में युवाओं के बीच रील बनाने का जुनून अब खतरनाक रूप लेता जा रहा है। खुद को दबंग और प्रभावशाली दिखाने के चक्कर में कुछ मनबढ़ युवा कानून की धज्जियां उड़ाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला दीपावली के दौरान सड़क पर वाहन से फायरिंग कर रील बनाने का सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक वाहन पर सवार युवक सड़क पर कथित तौर पर हथियार से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवकों ने दीपावली के मौके पर इस घटना को अंजाम दिया और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में सड़क पर फायरिंग का दृश्य दिखाई देने के बाद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे युवाओं की मनमानी पर सवाल उठाए हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता और स्थान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस की टीम वायरल वीडियो की जांच में जुट गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों, वाहन और फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

