वाराणसी : पुलिस की पिस्टल छीनकर भागा बदमाश, सिपाही को लगी गोली, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में बदमाश ने पुलिस अभिरक्षा से भागने के दौरान एक सिपाही का पिस्टल छीन लिया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक पुलिसकर्मी और आरोपी दोनों घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
चितईपुर पुलिस किसी मामले में संदिग्ध विष्णु यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मी से हाथापाई कर उसका सरकारी पिस्टल छीन लिया और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली एक सिपाही के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में पुलिस की गोली बदमाश विष्णु यादव के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू में लेकर हथियार बरामद किया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
सूचना मिलते ही एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसीपी ने बताया कि आरोपी पुलिस का पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास कर रहा था और उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसीपी ने बताया कि घायल सिपाही का इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही विष्णु यादव के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले किन मामलों में संलिप्त रहा है।

