वाराणसी : हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई आम लदी पिकअप, चालक-परिचालक केबिन में फंसे, हालत गंभीर
वाराणसी। वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार तड़के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में आम से लदी एक पिकअप खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक तथा परिचालक केबिन में बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कौशांबी से आम लादकर चंदौली के मुगलसराय जा रही पिकअप मंगलवार तड़के करीब तीन बजे चित्रसेनपुर के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया और चालक विक्रम सोनकर तथा परिचालक आकाश केबिन में फंस गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक मौके पर पहुंचे। लोगों ने पहले वाहन का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर लोहे की रॉड और अन्य उपकरणों की सहायता से केबिन का दरवाजा तोड़कर दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के कारण पिकअप में लदा आम सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रातभर लगातार वाहन चलाने के कारण चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

