वाराणसी : सिंधुरिया कॉलोनी में जलजमाव का स्थायी समाधान जल्द, ट्रेंचलेस तकनीक से डाली जाएगी पाइपलाइन, नगर आयुक्त ने दिए निर्देश
वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को मोढ़ला, चांदपुर सहित कई क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सिंधुरिया कॉलोनी में जलजमाव की समस्या का अवलोकन किया। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए ट्रेंचलेस पाइपलाइन डालने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने सिंधुरिया नगर कॉलोनी में जलजमाव की गंभीर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने जलनिगम (ग्रामीण) को आदेश दिया कि सड़क के दूसरी ओर ट्रेंचलेस विधि के माध्यम से पाइप लाइन डाली जाए, ताकि सड़क को खोदे बिना कार्य पूरा किया जा सके। उन्होंने सर्विस रोड के किनारे लगभग 610 मीटर लंबी नई सर्विस लाइन बिछाने का आदेश दिया। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में होने वाले बार-बार जलभराव से स्थायी राहत दिलाना है। नगर आयुक्त ने साफ कहा कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और तय समय सीमा में काम पूरा होना चाहिए।

नगर आयुक्त ने मोढ़ला क्षेत्र में स्थित स्टॉर्म वाटर लाइन का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टॉर्म वाटर लाइन और उससे जुड़े सभी चैंबरों की तत्काल सफाई कराई जाए। नालों में जमा मलबा और कचरा हटाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही चांदपुर से लहरतारा तक फैली स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई में तेजी लाने को कहा गया, ताकि आगामी वर्षा ऋतु से पहले जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त हो सके।
इसके अलावा नगर आयुक्त ने सीएंडडीएस द्वारा प्रस्तावित नए ड्रेनेज प्रोजेक्ट की समीक्षा भी की। इस बड़े नाले के निर्माण के लिए वर्तमान में डीपीआर तैयार की जा रही है, जो मड़ौली और चांदपुर होते हुए सीधे केराकतपुर तक जाएगी। इस नए ड्रेनेज सिस्टम के बन जाने से शहर के एक बड़े हिस्से में जलनिकासी की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, अधिशासी अभियंता आशीष सिंह, के.के. सिंह, कमल सिंह तथा सीएंडडीएस के योगेश गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

