वाराणसी : शहर की जलनिकासी सुधारने को बनेगा मास्टर प्लान, कराया जा रहा सर्वे, नए सिरे से व्यवस्थित किया जाएगा ड्रेनेज सिस्टम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम अब पूरे शहर की जलनिकासी व्यवस्था का व्यापक मास्टर प्लान तैयार कराएगा। इसके लिए विशेष एजेंसी के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ड्रेनेज व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित किया जाएगा। नवसृजित वार्डों, पहाड़ी, कंदवा और नरिया क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।


सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जलभराव, सीवर, पेयजल और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि जलनिकासी की योजना आधी-अधूरी नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान देने वाली होनी चाहिए।

123
अस्सी नाले की क्षमता जांचने के निर्देश
नरिया और आसपास के क्षेत्रों में बीएचयू की ओर से आने वाले पानी की समस्या के समाधान के लिए अस्सी नाले की जलवहन क्षमता का तत्काल आकलन और सफाई कराने के निर्देश दिए गए। शहर के वर्तमान में जलभराव वाले 10 वार्डों में क्षेत्रवार अतिरिक्त पंप लगाकर तत्काल पानी निकालने को कहा गया। सोनिया तालाब कार्य की समीक्षा के दौरान जल निगम को ओवरहेड टैंक के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वार्डों में सीवर और पेयजल कार्यों की निगरानी के लिए सीसी कैमरे नहीं लगाए जाने पर महापौर ने नाराजगी जताई।


स्टेडियम निर्माण में देरी पर 10 लाख की पेनाल्टी
सिगरा स्टेडियम के निर्माण में अनावश्यक देरी पर कार्यदायी संस्था पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने और नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। एक माह में काम पूरा करने की अंतिम चेतावनी दी गई। घोड़ा अस्पताल परिसर के निर्माण में लापरवाही पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सिगरा पेट्रोल पंप निर्माण में निर्धारित समय में महज पांच प्रतिशत प्रगति मिलने पर तेजी लाने को कहा गया। शिवपुर काशी टाउन की मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग को 14 जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया।

123
पितृपक्ष से पहले कुंडों की होगी विशेष सफाई
सफाई व्यवस्था की समीक्षा में सोशल मीडिया पर मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएफआई को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पितृपक्ष के मद्देनजर प्रमुख कुंडों की विशेष सफाई कराने और अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर चालान व जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए गए।

13 हजार से अधिक पौधों की जियो-टैगिंग
बीएचयू में 2500 और बीएलडब्ल्यू में 1700 समेत शहर में 13 हजार से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। महापौर ने सभी पौधों की जियो-टैगिंग कराने और ट्री-गार्ड लगाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को आवास आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी गई। पात्र आवेदक का आवेदन निरस्त होने पर अभिलेखों में स्पष्ट और उचित कारण दर्ज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, संयुक्त नगर निगम कृष्ण चंद्र, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story