वाराणसी में मुठभेड़, बदमाश के दोनों पैरों में लगी गोली, एक दिन पूर्व युवक के मुंह में गोली मारकर कर दिया था घायल

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित एक दिन पहले युवक के मुंह में गोली मारने की घटना में वांछित था। पुलिस घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।
लालपुर-पांडेयपुर थानांतर्गत एक रेस्टोरेंट के पास बीती रात अज्ञात हमलावरों ने तेवर निवासी निशांत सिंह को गोली मार दी थी। गोली उसके मुंह में लगी। जिसके बाद घायल निशांत खुद अस्पताल पहुंचा। भोर में उसके परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी होते ही घटनास्थल पर पहुंचकर एसीपी व स्थानीय पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुटी थी। बताया जा रहा है कि रफ ड्राइविंग को लेकर कुछ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद में गोली चल गई। हालांकि, घायल खुद बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचा।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सुराग मिले थे। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपित की घेरेबंदी की थी। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैर में गोली लगी। इससे वह घायल हो गया। बदमाश की पहचान राजेश सिंह बंटी के रूप में हुई।