वाराणसी : घर के बाहर सो रही महिला से मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए कार सवार बदमाश, पुलिस जांच में जुटी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शनिवार की रात कार सवार बदमाशों ने एक महिला से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मेहदीगंज गांव निवासी अनिल कुमार पटेल अपनी पत्नी सीता देवी और बेटी अनीशा पटेल के साथ एक शादी समारोह से लौटे थे। देर रात तीनों घर के सामने बने टीनशेड में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे ज्ञानपुर नहर के पास एक कार आकर रुकी। कार से उतरे कुछ बदमाश पैदल घर के पास पहुंचे और सो रही सीता देवी के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया।

मंगलसूत्र खींचते ही महिला की नींद खुल गई और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पति अनिल कुमार पटेल और बेटी अनीशा भी जाग गए। परिवार के लोगों ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी तत्काल पीआरबी 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रविवार सुबह पीड़ित दंपती मिर्जामुराद थाने पहुंचे और अज्ञात कार सवार बदमाशों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this story