वाराणसी : विश्वसुंदरी पुल से युवक ने गंगा में लगाई छलांग, मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। गुरुवार को शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब विश्वसुंदरी पुल से एक युवक ने गंगा नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान राजातालाब थाना क्षेत्र के नागेपुर निवासी देवा राजभर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
परिजनों के अनुसार, देवा का कुछ लोगों से एक युवती को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसे पकड़कर मारपीट की थी। किसी तरह वह वहां से बचकर अपने घर पहुंचा, लेकिन इसके बाद भी उसे लगातार धमकियां मिलती रहीं। बताया जा रहा है कि उक्त पक्ष के लोग उसकी तलाश कर रहे थे और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
मृतक के बहनोई पप्पू कुमार ने बताया कि इन धमकियों के कारण देवा पिछले दो दिनों से उनके घर पर छिपकर रह रहा था। परिवार के सदस्य उसे लगातार समझा रहे थे कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन वह मानसिक रूप से बेहद दबाव में था और भय उसके मन में गहराई से बैठ गया था।
घटना वाले दिन देवा घर से यह कहकर निकला कि वह मौसी के यहां जा रहा है, लेकिन वह सीधे विश्वसुंदरी पुल पहुंच गया। वहां पहुंचकर उसने परिजनों को फोन कर अपनी गाड़ी और चाबी लेने के लिए बुलाया। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, वह गंगा में छलांग लगा चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरू की गई। कुछ समय बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

