वाराणसी : 52 बीघा नहीं, मौजूदा मंदिर परिसर में ही बनेगा भव्य जगन्नाथ मंदिर, ट्रस्ट अध्यक्ष बृजेश सिंह ने काशीवासियों से मांगा सहयोग
वाराणसी। अस्सी स्थित पप्पू की प्रसिद्ध चाय की अड़ी पर रविवार को ट्रस्ट श्री जगन्नाथ मंदिर के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित जगन्नाथ मंदिर का भव्य निर्माण वर्तमान में ट्रस्ट के पास उपलब्ध मंदिर की भूमि पर ही होगा और 52 बीघा जमीन को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों का कोई आधार नहीं है।
बृजेश सिंह ने कहा कि ट्रस्ट की मंशा केवल भगवान जगन्नाथ के भव्य मंदिर का निर्माण कराने की है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद से ही उनका प्रयास रहा है कि लोगों के बीच यह संदेश पहुंचे कि ट्रस्ट का 52 बीघा भूमि से कोई लेना-देना नहीं है। वर्तमान में मंदिर की जितनी भूमि उपलब्ध है, उसी पर भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने मंदिर निर्माण में सभी काशीवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा विषय है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने भी मंदिर निर्माण का समर्थन करते हुए कहा कि काशी का हर नागरिक भगवान जगन्नाथ के भव्य मंदिर का निर्माण चाहता है, लेकिन इसके नाम पर किसी भी स्थानीय नागरिक का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। वक्ताओं ने 52 बीघा भूमि विवाद के चलते प्रभावित लोगों पर दर्ज मुकदमों के शीघ्र निस्तारण की भी मांग की।
प्रोफेसर देवव्रत चौबे ने कहा कि जगन्नाथ मंदिर का पुनर्निर्माण केवल असि क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे काशी की भावना से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण सभी चाहते हैं, लेकिन यह कार्य सौहार्दपूर्ण वातावरण में होना चाहिए। कवि अजय कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि अच्छे कार्यों में सहयोग करना काशी की परंपरा रही है और मंदिर निर्माण के इस अभियान में समाज का पूरा समर्थन रहेगा।
कुटीर महाविद्यालय के प्राचार्य राघवेंद्र पांडे, अरुण सिंह, सुनील मिश्रा 'गुड्डू' सहित अन्य वक्ताओं ने भी कहा कि मंदिर निर्माण के साथ-साथ स्थानीय लोगों के अधिकारों और सम्मान का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडे का भी सम्मान किया गया। संयोजन एवं संचालन समाजसेवी रामयश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मनोज सिंह ने किया। इस अवसर पर पार्षद श्याम भूषण, ललित सिंह, दिनेश मिश्रा, परमेंद्र मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, धीरज कुमार मिश्रा, शैलेंद्र मिश्रा 'सोनू', आलोक राय सहित बड़ी संख्या में असि क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

