वाराणसी : घर में मृत हाल में मिला गैराज मिस्त्री, परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप, हंगामा, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी कार गैराज मिस्त्री मनोज कुमार पटेल (40) अपने घर में मृत अवस्था में मिला। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना के बाद एसीपी विदूष सक्सेना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस युवती समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच में जुटी है। 

पुलिस को दिए तहरीर के अनुसार पीड़ित पक्ष ने बताया कि मनोज गुरुवार की सुबह करीब छह बजे बाइक से श्रीनगर बाजार जा रहा था। रास्ते में युवती और उसके रिश्तेदार ने मनोज को रोक लिया और कहासुनी के बाद उसे मारापीटा, सिर पर लोहे के रॉड से वार किया। खून से लथपथ मनोज घर पहुंचा और मारपीट की बात किसी से नहीं बताई। दोपहर करीब दो बजे मनोज की पत्नी जब उसे जगाने पहुंची तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा मचाया। मौके पर एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पहुंचे और जांच की। पीड़ित पक्ष आरोप है कि विपक्षी प्रिंस पटेल दबंग प्रवृति का लड़का है।

जबकि आरोपी पक्ष का कहना है कि मनोज पटेल युवती पर आए दिन अभद्र कमेंट करता था। रास्ते में आते जाते परेशान करता था। इस बात की जानकारी होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। इस दौरान मनोज ने अभ्रद भाषा का प्रयोग किया। बात बढ़ी तो आरोपियों ने उसे धक्का दे दिया। बाइक से वह नीचे गिरा उसके सिर में चोट आई। इसके बाद वह उठा और घर चला गया। 

एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। पूछताछ के लिए अर्चना और प्रिंस को हिरासत में लिया है। बाकि जांच की जा रही है।

Share this story