वाराणसी: पारिवारिक कलह से त्रस्त फूल-माला विक्रेता ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी से जूझ रहे फूल-माला विक्रेता ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

गौर गांव निवासी राकेश उर्फ पप्पू सैनी (45 वर्ष) पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। परिजनों का कहना है कि घरेलू विवाद और आर्थिक परेशानियों के कारण वे अक्सर चिंतित और गुमसुम रहने लगे थे। बताया जाता है कि वह फूलमाला बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन आमदनी सीमित होने से घर की जिम्मेदारियां निभाना उनके लिए कठिन होता जा रहा था। इसी बात को लेकर घर में समय-समय पर कहासुनी भी होती रहती थी।

सोमवार की सुबह राकेश अपने कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर न निकलने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसी बीच उनकी छोटी पुत्री किसी काम से कमरे में पहुंची। वहां का दृश्य देखकर वह सन्न रह गई। पिता को गमछे के सहारे फंदे से लटका देख बच्ची जोर-जोर से रोने लगी और शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल मिर्जामुराद थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

