वाराणसी : सर्विस रोड पर खड़ी ट्रक में घुसी कोयला लदी ट्रक, चालक-खलासी बाल-बाल बचे, अवैध पार्किंग पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के करनाडाड़ी स्थित बेलवा वीर बाबा मंदिर के समीप गुरुवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सर्विस रोड पर पहले से खड़ी एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कोयला लदी ट्रक जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कोयला लदी ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन के परखच्चे उड़ गए। हालांकि गनीमत रही कि ट्रक चालक और खलासी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब एक भारी वाहन सर्विस रोड पर पहले से खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कोयला लदी ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे खड़ी ट्रक से टकरा गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलने पर रोहनिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और यातायात को सुचारु कराया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक सर्विस रोड के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे किनारे संचालित ढाबों के बाहर होने वाली भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि कई ढाबा संचालक अपने यहां आने वाले ट्रकों को सर्विस रोड और कई बार मुख्य मार्ग पर भी खड़ा करवा देते हैं, जिससे रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या की कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला। उनका कहना है कि अंधेरे में सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे तेज रफ्तार वाहन अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन, परिवहन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से हाईवे की सर्विस रोड और मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले ढाबा संचालकों और वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Share this story