वाराणसी : प्रैक्टिकल परीक्षा में 30 छात्रों का बनाना होगा बैच, सीबीएसई ने तय किए मानक
वाराणसी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं से पहले कक्षा 10 और 12 की प्रायोगिक, प्रोजेक्ट और आंतरिक मूल्यांकन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए 30 छात्रों का बैच बनाना अनिवार्य होगा। बोर्ड ने परीक्षा की पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुपालन के लिए स्कूलों को विस्तृत निर्देश दिए हैं।
सीबीएसई के निर्देशों के मुताबिक, नियमित शिक्षण सत्र वाले स्कूलों में कक्षा 10 और 12 की प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और आंतरिक मूल्यांकन परीक्षाएं एक जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर बैच तैयार किए जाएंगे। यदि किसी स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या 30 से अधिक है तो उपलब्धता के आधार पर प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट मूल्यांकन दो या तीन सत्रों में कराया जा सकता है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 12 की प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट मूल्यांकन के लिए बाहरी परीक्षक की नियुक्ति बोर्ड की ओर से की जाएगी। स्कूलों को अपनी तरफ से बाहरी परीक्षक नियुक्त करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था स्कूल अपने स्तर से करेंगे।
बोर्ड की ओर से नियुक्त बाहरी परीक्षक की उपस्थिति में ही कक्षा 12 की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान स्कूल को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी। सीबीएसई ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समय-सारिणी और परीक्षा संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करें।

