वाराणसी : बिजली कनेक्शन लेने के बाद भी 9934 उपभोक्ताओं ने नहीं जमा किया बिल, 3763 करोड़ रुपये बकाया, विभाग चला रहा तगादा अभियान
वाराणसी। बिजली कनेक्शन लेने के बाद बिजली का उपभोग करने वाले हजारों उपभोक्ताओं ने अब तक एक रुपये का भी बिल जमा नहीं किया है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के आंकड़ों के अनुसार, ऐसे 9934 उपभोक्ताओं पर कुल 3763.85 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। विभाग अब इन बकायेदारों से वसूली के लिए तगादा अभियान चलाया जा रहा है।
बिजली विभाग की ओर से राजस्व वसूली बढ़ाने और बकाया बिलों की वसूली के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता सामने आए हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद से अब तक एक बार भी बिजली बिल का भुगतान नहीं किया। विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रबंध निदेशक के निर्देश पर बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से संपर्क साधने और बकाया वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत उपभोक्ताओं को फोन कॉलिंग के माध्यम से भुगतान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
पूर्वांचल डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने आज तक एक रुपये का भी बिजली बिल जमा नहीं किया है, उनकी पहचान कर बकाया बिल जमा करने की अपील की जा रही है। बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आंकड़ों के मुताबिक, 9934 उपभोक्ताओं पर कुल 3763.85 करोड़ रुपये की देनदारी है। इस हिसाब से एक उपभोक्ता पर औसतन करीब 37.87 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। हालांकि, सभी उपभोक्ताओं पर बकाये की राशि एक समान नहीं है। कई उपभोक्ताओं पर लाखों तो कुछ पर करोड़ों रुपये तक की देनदारी है। विभाग का लक्ष्य इन बकायेदारों से संपर्क कर राजस्व वसूली में तेजी लाना है।

