वाराणसी : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में एक-दूजे के हुए 84 जोड़े, एक मुस्लिम जोड़े का निकाह
वाराणसी। राजातालाब स्थित आराजी लाइन ब्लॉक मुख्यालय में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 84 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 83 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का मौलवी द्वारा निकाह कराया गया।
समारोह का आयोजन ब्लॉक प्रमुख नगीना सिंह पटेल और खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव की देखरेख में किया गया। विवाह समारोह में ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रों के बीच हवन-पूजन कराया गया। वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि के सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। वहीं मुस्लिम जोड़े का इस्लामी परंपरा के अनुसार निकाह संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या मौजूद रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के तौर पर ब्लॉक प्रमुख नगीना सिंह पटेल, बीडीओ सुरेंद्र सिंह यादव और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों पर फूलों की वर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया और प्रमाण पत्र के साथ सरकार की ओर से दिए जाने वाले उपहार वितरित किए।
सरकार की ओर से नवविवाहित जोड़ों को पायल, बिछुआ, फैन, ट्रॉली बैग, कुकर, डिनर सेट, साड़ी, कढ़ाई, डनलप गद्दा, तकिया, रजाई और मिष्ठान सहित कई घरेलू उपयोग की सामग्री भेंट की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और असहाय परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी सम्मानपूर्वक संपन्न हो पा रही है।
एडीओ समाज कल्याण प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रत्येक वधू के खाते में सरकार द्वारा 60 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी भेजी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में दोनों पक्षों से आए बारातियों और परिजनों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। समारोह का संचालन डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने दिया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

