वाराणसी : हादसों में 8 घायल, मची चीख-पुकार
वाराणसी। जिले में दो अलग-अलग हादसों में आठ लोग घायल हो गए। घटनाओं के बाद चीख-पुकार मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के हरदुआ पुलिस चौकी अंतर्गत रिंग रोड फेज-1 पर शनिवार शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
घायलों की पहचान संदीप (18 वर्ष), अनीश (22 वर्ष) तथा अजय कुमार (20 वर्ष) निवासी भगवानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके कारण चोटें गंभीर आईं। दूसरी घटना मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव स्थित रिंग रोड के पास हुई। बाइक और साइकिल सवारों के बीच आमने-सामने टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा।
बाइक सवार लहुराबीर निवासी सुनेंद्र तिवारी और टिकरा निवासी जगदीश सिंह कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रखौना गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे साइकिल सवार हरिशंकर यादव से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं, एक अन्य घटना में खजुरी ओवरब्रिज के समीप झपकी आने से अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने नाले में गिरने से जस्सा निवासी बाबूल वर्मा और भौराकला निवासी शुभम पटेल घायल हो गए।

