वाराणसी : लकी ड्रॉ के माध्यम से 8 किसानों को मिले ट्रैक्टर, राज्य मंत्री ने पकड़ाई चाबी, खिले चेहरे

वाराणसी। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा नवीन मंडी पहड़िया में आयोजित एक भव्य समारोह में लकी ड्रॉ के माध्यम से वाराणसी, जौनपुर और चंदौली के कुल आठ किसानों को ट्रैक्टर वितरित किए गए। इस अवसर पर मंडी परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। ट्रैक्टर पाकर किसानों के चेहरे खिल गए।
लकी ड्रॉ के माध्यम से चयनित किसानों को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी स्थिति सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है। किसानों को एमएसपी का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा तमाम कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मंडी सचिव विपुल कुमार ने कहा कि यह पहल किसानों के कल्याण और उनकी मेहनत को सम्मान देने का एक प्रयास है। उप निदेशक संजय कुमार ने भी किसानों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से किसानों का मनोबल बढ़ता है और वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
मंडी अध्यक्ष मनोज सोनकर और मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह ने विजेता किसानों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को जारी रखने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने किसानों की समृद्धि और क्षेत्र की कृषि विकास के लिए एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मंडी उपाध्यक्ष विजय जायसवाल, पार्षद संजय जायसवाल, संदीप रघुवंशी, बलिराम कन्नौजिया, अशोक मौर्या, बृजेश श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, पूर्व पार्षद दिनेश यादव, अरविंद जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।