वाराणसी : 1.25 करोड़ की लागत से कराए जाएंगे 7 विकास कार्य, राज्यमंत्री बोले हर गली तक पहुंचेगा विकास
वाराणसी। प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 1.25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सात विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। ये कार्य चालू वित्तीय वर्ष की त्वरित निधि एवं पूर्वांचल निधि से स्वीकृत हैं, जिनका क्रियान्वयन नारायणपुर, सरसौली, तरना और शिवपुर वार्डों में किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने डूडा द्वारा निर्मित पटेल नगर कॉलोनी, छतरीपुर शिवपुर में 49 लाख रुपये की लागत से सीवर लाइन और पक्की सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त सेक्टर-1 में कमला पटेल के मकान से सेक्टर-बी स्थित चंद्र प्रकाश सिंह मास्टर के मकान तक 17 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया।

तरना वार्ड में बाइपास मार्ग से बखेदु राम एडवोकेट के मकान से होते हुए बुद्धिराम प्रजापति के मकान तक कच्चे मार्ग पर 11.59 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा। इसी वार्ड में पंचकोशी रोड संपर्क मार्ग से तेजू सोनकर के मकान तक लगभग 60 मीटर सड़क निर्माण कार्य 11.61 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। शिवपुर क्षेत्र में कुलवंती देवी के मकान से मुन्ना लाल सोनकर के मकान तक लगभग 10-15 फीट इंटरलॉकिंग कार्य 3.81 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
इसके अलावा वार्ड नारायणपुर में शिवपुर पंचकोशी रोड से विश्व विहार कॉलोनी तक संपर्क मार्ग पर इंटरलॉकिंग कार्य तथा शिवपुर वार्ड स्थित रामलीला मैदान के पास दशगात्र एवं श्राद्ध कर्म के लिए सीढ़ियों पर 10.27 लाख रुपये की विधायक निधि से टीन शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों और गलियों का भी नवनिर्माण एवं मरम्मत कराई जा रही है, ताकि आम जनता को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके। कार्यक्रम में राजर्षि मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, पार्षद रोहित मिश्रा, बलिराम कन्नौजिया सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

