वाराणसी : बेकाबू ट्रक ने 6 लोगों को मारी टक्कर, युवक की मौत, पांच घायल, हादसे के बाद दुकान में घुसा ट्रक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत चमरहां (हनुमानगंज) बाजार में रविवार शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे मछली बेच रहे युवक और ग्राहक समेत कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मछली विक्रेता विकास सोनकर (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे आजमगढ़ की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सड़क किनारे मछली बेच रहे गोपपुर निवासी विकास सोनकर और मछली खरीदने पहुंचे 15 वर्षीय शिवम को रौंद दिया। इसके बाद बेकाबू ट्रक करीब 40 फीट दूर स्थित खली-चुन्नी की दुकान में जा घुसा। दुकान में मौजूद संचालक सतीश जायसवाल (60), कर्मचारी सोती हरिजन (53) निवासी गोपपुर और पल्लेदार चिल्लू यादव निवासी गोसाईपुर मोहांव भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए।

123

हादसे के बाद बाजार में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को बाहर निकाला। चंदापुर चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल लोगों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। कुछ घायलों को परिजन निजी अस्पताल भी ले गए।


शव सड़क पर रखकर लगाया जाम
विकास की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने उसका शव वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर एसडीएम सदर नितिन सिंह और एसीपी विनय कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर जाम लगा हुआ था।

परिवार में मचा कोहराम
गोपपुर निवासी विकास सोनकर परिवार का सहारा था। उसकी एक वर्ष की बेटी है। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी मोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। हादसे की खबर से पूरे गोपपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story