वाराणसी : अवैध गैस रीफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई, 51 सिलेंडर जब्त, पिता-पुत्र समेत पांच पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में अवैध गैस रीफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में पिता-पुत्र सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई सारनाथ और आदमपुर थाना क्षेत्रों में की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से गैस रीफिलिंग का कारोबार संचालित हो रहा था।

आपूर्ति विभाग की टीम ने गुरुवार को छापेमारी कर दो स्थानों से 49 घरेलू और 2 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, रीफिलिंग उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामग्री जब्त की। अधिकारियों के अनुसार, सारनाथ क्षेत्र के एक आवासीय परिसर में अवैध रूप से रीफिलिंग का काम चल रहा था। मौके से 27 घरेलू सिलेंडर, एक रीफिलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक वाहन बरामद किया गया।

इस काम में संलिप्त राजकुमार श्रीवास्तव और उनके पुत्र संजय श्रीवास्तव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं आदमपुर थाना क्षेत्र में भी छापेमारी कर 22 खाली घरेलू सिलेंडर, दो कॉमर्शियल सिलेंडर और एक वाहन जब्त किया गया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ एजेंसियों द्वारा बिना वास्तविक डिलीवरी के ही उपभोक्ताओं के नाम पर सिलेंडर ‘डिलीवर’ दिखाया जा रहा था, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा था। उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि बुकिंग के कई दिनों बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि सिस्टम में डिलीवरी दिखा दी जाती है।

आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Share this story