वाराणसी : कैंट की कुंज विहार कॉलोनी में 30 कुंतल पटाखा पकड़ाया, बिना लाइसेंस मकान में हो रहा था भंडारण, पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने की छापेमारी
वाराणसी। दीपावली से पहले वाराणसी में अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कैंट थाना क्षेत्र की कुंज विहार कॉलोनी में एक रिहायशी मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने करीब 30 कुंतल बारूद से निर्मित पटाखे बरामद किए। भवनस्वामी पटाखों के भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के आदेश पर अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और जनसुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार की रात सूचना मिली कि कैंट थाना क्षेत्र की कुंज विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे अवैध रूप से रखे गए हैं।

सूचना के आधार पर कैंट थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से करीब 30 कुंतल पटाखे बरामद हुए। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रिहायशी इलाके में रखे जाने से सुरक्षा संबंधी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिना लाइसेंस रिहायशी इलाके में भंडारण
पुलिस ने भवन स्वामी राहुल गुप्ता पुत्र श्यामसुंदर गुप्ता, निवासी बी-1001, वरुणा गार्डन, थाना कैंट, वाराणसी से पटाखों के भंडारण के संबंध में वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, वह कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस टीम ने बरामद पटाखों को कब्जे में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में बरामद पटाखों के भंडारण से जुड़े पहलुओं की जांच भी कार्रवाई का हिस्सा होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

