वाराणसी : चोरी के मोबाइल खपाने वाला रैकेट पकड़ाया, ट्रक से 2670 मोबाइल और 113 सिमकार्ड बरामद, पुलिस टीम को 25 हजार इनाम
वाराणसी। कपसेठी पुलिस ने मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित रूप से चोरी के मोबाइल खपाने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरकी पेट्रोल पंप के पास खड़े एक डीसीएम वाहन की तलाशी लेकर 445 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2,225 कीपैड मोबाइल फोन और विभिन्न कंपनियों के 113 सिमकार्ड बरामद किए। सभी मोबाइल फोन बंद अवस्था में थे। आरोपियों के पास से 2,149 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने डीसीएम को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। डीसीपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
कपसेठी पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरकी पेट्रोल पंप के पास एक डीसीएम वाहन में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और सिमकार्ड रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो भारी मात्रा में मोबाइल फोन और सिमकार्ड बरामद हुए। मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा थाना क्षेत्र निवासी बाबुर अली, मंटू खां, नारजूल शेख, लालबाबू शेख और मिलन शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में कपसेठी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0149/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2) और 317(5) में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कबाड़ के नाम पर खरीदते थे मोबाइल
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे फेरी का काम करते हैं और विभिन्न गांवों व शहरों में घूमकर कबाड़ के नाम पर मोबाइल फोन खरीदते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कुछ मोबाइल फोन चोरी के होने और पहचान छिपाने के लिए उन्हें खराब करने की बात भी बताई। इसके बाद मोबाइल फोन और सिमकार्ड को झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा पश्चिम बंगाल में बेचने के लिए ले जाया जाता था। आरोपी मोबाइल फोन मुर्शिदाबाद ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस बरामद मोबाइल फोन के स्रोत और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में उपनिरीक्षक मधुसूदन त्रिपाठी, रितेश कुमार, प्रवीण कुमार पांडेय, आयुष कुमार ओझा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

