वाराणसी : इंदिरा नगर में शुरू होगी 24 घंटे जलापूर्ति, नगर आयुक्त ने देखी प्रगति, दिए निर्देश
वाराणसी। चितईपुर क्षेत्र की इंदिरा नगर कॉलोनी जल्द ही वाराणसी की पहली ऐसी आवासीय बस्तियों में शामिल होगी, जहां चौबीसों घंटे पेयजल आपूर्ति उपलब्ध होगी। नगर निगम की महत्वाकांक्षी 24×7 जलापूर्ति योजना के तहत क्षेत्र में तेजी से कार्य चल रहा है। योजना पूरी होने के बाद लोगों को घरों की छतों पर पानी की टंकियां रखने की आवश्यकता नहीं रहेगी और उन्हें निरंतर शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।
शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नेवादा वार्ड स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के माध्यम से 2200 किलोलीटर क्षमता वाले ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। प्रयागराज की कार्यदायी संस्था मेसर्स सीके इंटरप्राइजेज जेवी एवं मेसर्स माधवराव तुकाराम फाड़ द्वारा संचालित इस परियोजना की अब तक लगभग 52 प्रतिशत भौतिक प्रगति हो चुकी है।

नगर आयुक्त ने कार्य की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त श्रमिकों और संसाधनों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दस दिनों बाद पुनः परियोजना की समीक्षा करने की बात भी कही।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कॉलोनी में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए। इसके अलावा इंदिरा नगर को अस्सी नाले से जोड़ने वाले नाले की तली तक सफाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सके।

