वाराणसी : 150वीं वर्षगांठ पर गूंजा वंदे मातरम, 1500 छात्रों ने किया समूह गायन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा स्वामी श्रद्धानंद इंटरमीडिएट कॉलेज, गोविंदपुर रोहनिया में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष अभियान चलाया गया। इस अवसर पर आयोजित सामूहिक गायन कार्यक्रम में 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बन गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक राजमंगल सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और चेतना का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ सौ वर्ष पूर्व बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्ति की प्रेरणा बना और आज भी लोगों के दिलों में जोश भरता है।

उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थी परिषद द्वारा यह अभियान पूरे देश के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है।

इस अवसर पर शिवम पांडेय, राजकुमार शर्मा, रजनीश तिवारी समेत विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

Share this story