वाराणसी : यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, 11 ऑटो और बाइकें सीज, चालकों में मचा हड़कंप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन के निर्देश पर शुक्रवार को की गई। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करते हुए 11 ऑटो और बाइक को सीज कर दिया गया। 

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंसा चौराहे के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह स्थान यातायात की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, जहां अक्सर नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट तथा तेज गति से वाहन चलाते हुए पाए गए। इसके अलावा अवैध रूप से संचालित ऑटो स्टैंड भी यातायात बाधित करने का कारण बन रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही सख्ती दिखाते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।

इस दौरान कुल 11 बाइक और ऑटो वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और वाहन चालकों में नियमों के पालन को लेकर जागरूकता भी बढ़ी।

Share this story