वाराणसी : शीतला घाट पर डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के मदरवा स्थित शीतला घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी विवेक कुमार (10 वर्ष) और मुरारी चौक निवासी सिराज (12 वर्ष) घनिष्ठ मित्र थे। मंगलवार सुबह दोनों घर से निकलकर मदरवा स्थित शीतला घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान दोनों बच्चे अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गए। अचानक संतुलन बिगड़ने से वे डूबने लगे और मदद के लिए शोर मचाने लगे।

घाट पर मौजूद लोगों की नजर जब दोनों बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास मौजूद मल्लाहों को सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मल्लाह बिना देर किए गंगा में कूद पड़े और दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयास के बाद सिराज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन विवेक गंगा की धारा में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सिराज को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर पुलिस, स्थानीय लोगों और मल्लाहों की सहायता से विवेक की तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद उसका शव बरामद कर लिया गया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता विनोद राजगीर मिस्त्री का कार्य करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

 

लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और गहरे पानी वाले क्षेत्रों की स्पष्ट पहचान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share this story