वाराणसी : शहर के 10 प्रमुख रूट्स चिह्नित, निगरानी करेंगे रूट मार्शल, पुलिस कमिश्नर ने शहर में भ्रमण कर देखा ट्रैफिक प्लान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल स्वयं सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण करते नजर आए। उन्होंने शहर के विभिन्न व्यस्त मार्गों का दौरा कर जमीनी हकीकत परखी और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

123

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शहर में ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए 10 प्रमुख रूट्स को चिन्हित किया गया है। इन रूट्स पर विशेष निगरानी रखते हुए जाम की समस्या को खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत प्रत्येक रूट पर इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को “रूट मार्शल” या “ट्रैफिक मार्शल” के रूप में तैनात किया गया है, जो लगातार निगरानी कर स्थिति को नियंत्रित करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित थाना अध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इन मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए। सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सड़कों पर अवैध रूप से ठेले-खोमचे लगाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए इन रूट्स पर नियमित रूप से क्रेन की भी व्यवस्था की गई है, ताकि गलत तरीके से खड़े वाहनों को तुरंत हटाया जा सके। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जिन मार्गों पर अभी लोगों को आवागमन में अधिक समय लग रहा है, वहां अगले दो महीनों में यात्रा समय में 25 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि शहर में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके चालू होने से ट्रैफिक का दबाव कम होने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिस प्रशासन की इस पहल से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकेगी।

Share this story