वाराणसी : गुमशुदा बच्चों की तलाश में उत्कृष्ट काम करने वाले 10 दरोगाओं को 10-10 हजार का इनाम
साढ़े तीन साल से लापता बच्ची को जौनपुर से बरामद करने वाली महिला दरोगा निकिता सिंह भी सम्मानित, 44 विशेष टीमों ने एक माह में 12 बच्चों को खोजा
पुलिस कमिश्नरेट में वर्ष 2021 से अब तक 2,907 गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी, औसत रिकवरी दर करीब 98 प्रतिशत
वाराणसी। गुमशुदा और अपहृत बच्चों की तलाश कर उन्हें सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वाराणसी कमिश्नरेट के 10 उपनिरीक्षकों को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 10-10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। इनमें महिला उपनिरीक्षक निकिता सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने साढ़े तीन साल से लापता नाबालिग बालिका को जौनपुर से सकुशल बरामद किया। इसके अलावा दो साल से लापता बच्चियों को आंध्र प्रदेश और दिल्ली से खोजने वाले विवेचकों को भी पुरस्कृत किया गया। पुलिस आयुक्त ने गुरुवार को गुमशुदा बच्चों की बरामदगी को लेकर आयोजित समीक्षा गोष्ठी में अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा की और अधिकारियों को बच्चों की शीघ्र बरामदगी के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने का निर्देश दिया।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गुमशुदगी अथवा अपहरण से जुड़े किसी भी मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी नहीं होनी चाहिए। सूचना मिलते ही तत्काल मुकदमा दर्ज कर प्रभावी विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू की जाए। शुरुआती समय की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक मामले में गोल्डन ऑवर्स प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया। साथ ही बच्चों की तलाश में डिजिटल फुटप्रिंट ट्रेस करने और तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।

एक माह में 12 बच्चों की सकुशल बरामदगी
गुमशुदा और अपहृत बच्चों की बरामदगी के लिए कमिश्नरेट में 44 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने लगातार अभियान चलाकर पिछले एक माह में 12 बच्चों को सकुशल बरामद किया है। पुलिस आयुक्त ने टीमों की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में भी तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर बच्चों की लोकेशन और उनके आवागमन का पता लगाया जाए। जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों और जनपदों में भी तलाश अभियान चलाया जाए।
2021 से अब तक 98 प्रतिशत बरामदगी
कमिश्नरेट पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2021 से अब तक कुल 2,907 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद किया जा चुका है। इस दौरान बरामदगी का औसत करीब 98 प्रतिशत रहा है। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक गुमशुदगी के 458 मामले सामने आए, जिनमें पुलिस ने 449 बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। शेष नौ मामलों में भी पुलिस की टीमें तलाश और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हैं।
10 उपनिरीक्षकों को मिला 10-10 हजार का नकद पुरस्कार
गुमशुदा बच्चों की तलाश में विशेष मेहनत, तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल और दूसरे राज्यों तक पहुंचकर सफल कार्रवाई करने वाले 10 उपनिरीक्षकों एवं विवेचकों को पुलिस आयुक्त ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इनमें कई ऐसे मामले शामिल हैं, जिनमें बच्चे महीनों और वर्षों से लापता थे।
पुरस्कृत उपनिरीक्षकों की सूची और उनकी उपलब्धियां
1. महिला उपनिरीक्षक निकिता सिंह, थाना एएचटी : करीब साढ़े तीन साल से लापता नाबालिग बालिका को जौनपुर से सकुशल बरामद किया।
2. उपनिरीक्षक राकेश कुमार द्विवेदी, थाना एएचटी : दो साल से लापता नाबालिग बालिका को आंध्र प्रदेश से बरामद किया।
3. उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय, थाना एएचटी : दो साल से लापता नाबालिग बालिका को दिल्ली से सकुशल खोज निकाला।
4. महिला उपनिरीक्षक निकिता सिंह, थाना एएचटी : 14 माह से लापता नाबालिग बालिका को सीतापुर से बरामद किया।
5. उपनिरीक्षक रणवीर सिंह यादव, थाना शिवपुर : 14 माह से लापता नाबालिग बालिका को मुंबई से सकुशल बरामद किया।
6. महिला उपनिरीक्षक मानवी शुक्ला, थाना शिवपुर : तीन माह से लापता नाबालिग बालिका को कर्नाटक से खोज निकाला।
7. उपनिरीक्षक अपराजित सिंह, थाना चौबेपुर : दो माह से लापता नाबालिग बालिका को सूरत से सकुशल बरामद किया।
8. उपनिरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह, थाना चौबेपुर : डेढ़ माह से लापता दो नाबालिग बालिकाओं को राजस्थान के भरतपुर से बरामद किया।
9. उपनिरीक्षक मुनीश चंद्र दुबे, थाना चोलापुर : एक माह से लापता नाबालिग बालक को सकुशल बरामद किया।
10. उपनिरीक्षक घनश्याम निषाद, थाना चौबेपुर : एक माह से लापता नाबालिग बालिका को सकुशल खोज निकाला।

