मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से स्कूल चलो अभियान का किया शुभारंभ, बच्चों का बढ़ाया उत्साह
- सीएम विद्यालय परिसर का किया भ्रमण, बच्चों द्वारा तैयार मॉडल का किया अवलोकन
- 5 निपुण विद्यालयों, 5 निपुण छात्रों व 5 नवप्रवेशी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
- बोले, देश के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अहम योगदान
- शिक्षा के जरिये समाज में लाया जा सकता है सकारात्मक बदलाव
- मुख्यमंत्री ने पूर्ववती सरकारों में शिक्षा की कमियां गिनाईं
- कहा, 2017 के बाद नकल पर लगाम, हुए कई अहम सुधार
वाराणसी। प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय से प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और बच्चों द्वारा तैयार किए गए शैक्षिक मॉडलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। सीएम ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के 5 निपुण विद्यालयों, 5 निपुण छात्रों और 5 नवप्रवेशी बच्चों को सम्मानित किया। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विद्यालयों को प्रोत्साहित करना है, ताकि अन्य छात्र भी प्रेरित हो सकें।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि एक सशक्त और विकसित देश के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की अहम भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले शिक्षा व्यवस्था में कई कमियां थीं और नकल जैसी समस्याएं व्यापक थीं, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उनकी सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप सरकारी विद्यालयों में छात्रों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है और अभिभावकों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
तस्वीरें ....




















