सीएम योगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विश्वनाथ दरबार में लगाई हाजिरी, काशी कोतवाल का लिया आशीर्वाद
वाराणसी। काशी तमिल संगमम 4.0 के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार की शाम बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचे। दोनों नेताओं ने विधिविधान से बाबा विश्वनाथ का अभिषेक और पूजन किया। सीएम ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की। काशी कोतवाल कालभैरव का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा के दरबार में मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक किया, दुग्ध, पंचामृत और गंगाजल से शिवलिंग का विधिविधान से पूजन कराया। इसके पश्चात उन्होंने गर्भगृह में आरती उतारी। मुख्यमंत्री व केंद्रीय शिक्षा मंत्री काशी कोतवाल श्री कालभैरव के मंदिर भी पहुंचे। बाबा कालभैरव का पूजन-अर्चन और आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके पूर्व दोनों नेता नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम् 4.0 के भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने उत्तर-दक्षिण सांस्कृतिक समन्वय को भारतीय एकता की मूल भावना बताया।
देखिये तस्वीरें ...







