वाराणसी में बन रहा यूपी का सबसे भव्य नगर निगम, ₹98 करोड़ से त्रिशूल और गंगा थीम पर हो रहा तैयार, बैठ सकेंगे ढाई सौ पार्षदगण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम का नया भव्य और अत्याधुनिक भवन सिगरा क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है। करीब ₹98 करोड़ की लागत से बनने वाला यह 5 मंजिला कॉम्प्लेक्स शहर की प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देगा। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव के अनुसार, इस भवन के बनने से सभी विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे आम जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी।

ं

बढ़ते शहर के साथ बढ़ी जरूरत, क्षेत्रफल और वार्ड में हुआ विस्तार
नगर निगम के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में वाराणसी शहर का तेजी से विस्तार हुआ है। नगर निगम की सीमा पहले 82 वर्ग किलोमीटर थी, जो अब बढ़कर 186 वर्ग किलोमीटर हो गई है। वहीं वार्डों की संख्या भी 90 से बढ़कर 100 हो गई है। इसी बढ़ती जरूरत को देखते हुए नए भवन का निर्माण किया जा रहा है।

ं

साढ़े 12 हजार वर्ग मीटर में बनेगा आधुनिक कॉम्प्लेक्स
सिगरा स्थित पुराने नगर निगम भवन के उत्तरी छोर पर करीब साढ़े 12 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में यह नया भवन बनाया जा रहा है। निर्माण कार्यदायी संस्था सीएनडीएस, यूपी जल निगम है। यह भवन पांच मंजिला होगा और इसे अलग-अलग विंग में विभाजित किया जाएगा, जहां नगर निगम के सभी विभाग व्यवस्थित रूप से संचालित होंगे।

ं

सभी विभाग एक छत के नीचे, जनता को मिलेगी सुविधा
नए भवन में जलकल विभाग (जो वर्तमान में भेलूपुर में है), पशु विभाग (लहुराबीर) और डूडा कार्यालय (चौकाघाट) सहित कई विभागों को एक ही परिसर में लाया जाएगा। इसके साथ ही बैंक, कैंटीन, पुलिस चौकी, आईटी सेल और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग जैसी सुविधाएं भी यहां उपलब्ध होंगी।

ं

काशी की पहचान पर आधारित डिजाइन
इस भवन का डिजाइन काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। त्रिशूल, गंगा और भगवान विश्वनाथ से जुड़ी थीम पर इसे विकसित किया जा रहा है, जिससे यह भवन न केवल प्रशासनिक बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी विशेष पहचान बनाएगा।

े

भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार होगा सदन
नगर निगम में वर्तमान में 100 पार्षद हैं, लेकिन भविष्य को देखते हुए नए भवन में बनने वाले मिनी सदन में करीब 250 पार्षदों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इसे उत्तर प्रदेश का सबसे खूबसूरत और आधुनिक सदन बनाने की योजना है।

पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भवन में 150 वाहनों की पार्किंग की सुविधा के साथ साढ़े 12 हजार वर्ग मीटर में भूमिगत पार्किंग बनाई जाएगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा के आधुनिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

दिव्यांगजन और सुविधाओं का विशेष ध्यान
इस भवन के डिजाइन में दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। वॉशरूम, एंट्री-एग्जिट और अन्य व्यवस्थाओं को आधुनिक मानकों के अनुसार विकसित किया जा रहा है, ताकि हर वर्ग के लोगों को आसानी हो।

जल्द होगा शिलान्यास
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास जल्द ही किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर पर तिथि तय की जा रही है। यह नया नगर निगम भवन वाराणसी की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ शहर की प्रशासनिक और सांस्कृतिक पहचान को भी एक नया आयाम देगा।

देखें वीडियो 

Share this story