UP-TET: डीएम ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा, केंद्र व्यवस्थापकों को दिए आवश्यक निर्देश
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) के तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन गुरुवार को जिले के सभी 68 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यूपीटीईटी का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई तक किया जा रहा है। पहले दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न हुई। जिले के 68 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन कुल 33,139 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले सुधाकर महिला पीजी कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सभी परीक्षा कक्षों की निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया और यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, अर्दली बाजार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के साथ-साथ जिलाधिकारी पूरे दिन फोन के माध्यम से भी जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहे।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलविहीन और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सहायक केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई थी। प्रशासन का कहना है कि आगामी दोनों दिनों की परीक्षा भी इसी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।

