UP STF व कैंट पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर को पकड़ा, एक क्विंटल से अधिक गांजा बरामद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के तहत चलाए जा रहे अभियान में कमिश्नरेट पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई करते हुए टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 107.140 किलोग्राम अवैध गांजा, एक चार पहिया वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद गांजा की कीमत 25 लाख रुपये बताई जा रही है। 

रविवार को तड़के करीब 1:58 बजे थाना कैंट क्षेत्र के इमलिया घाट फुलवरिया के पास से एसटीएफ और पुलिस ने तस्कर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय गिरि पुत्र मंगला गिरि निवासी मुस्तफाबाद, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कैंट में मु0अ0सं0 0206/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

123

बरामदगी में 107.140 किलोग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन (क्रूज एलटी सेब्रोलेट) तथा दो मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है। इस पूरी कार्रवाई को पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त सर्किल कैंट के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र (थाना कैंट), उपनिरीक्षक अमित कुमार तिवारी (एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ), उपनिरीक्षक आशुतोष तिवारी, हेड कांस्टेबल स्वरूप पांडेय (एसटीएफ), हेड कांस्टेबल आलोक पांडेय (एसटीएफ), हेड कांस्टेबल पवन गौतम (एसटीएफ), हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह (एसटीएफ), हेड कांस्टेबल जितेंद्र वर्मा (एसटीएफ), कांस्टेबल आदित्य पाल (एसटीएफ), कांस्टेबल रामकृष्ण, कांस्टेबल नागेंद्र कुमार और कांस्टेबल प्रिंस तिवारी शामिल रहे।

Share this story