यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा : परीक्षा केंद्रों पर होगा सख्त पहरा, चश्मा, पेन और इलेक्ट्रानिक डिवाइस की जांच के बाद ही मिलेगी एंट्री
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। वाराणसी में 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 46 परीक्षा केंद्रों पर 77,760 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी की जाएगी। चश्मा, पेन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। इसमें चश्मा, पेन, स्मार्ट वॉच, मोबाइल, ईयरबड्स, कैमरा युक्त चश्मा या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की विशेष रूप से जांच होगी। जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार काशी, वाराणसी जोन और गोमती जोन के विभिन्न केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा दो पालियों में होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और फोटो कैप्चरिंग भी होगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों द्वारा की जाएगी। साथ ही प्रश्नपत्र व अन्य गोपनीय सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जहां से गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और निर्धारित नियमों का पालन करें।

