यूपी कॉलेज में छात्र की गोली मारकर हत्या की घटना, छात्रों ने खून से लिखा मुख्यमंत्री को पत्र, मांगा न्याय
वाराणसी। छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में एक बार फिर यूपी कॉलेज के छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा है। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट छात्रों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए अपने खून से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। छात्रों ने सीएम से न्याय की गुहार लगाई है।

20 मार्च को कॉलेज परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही छात्र लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। लेकिन अब तक मामले में संतोषजनक कार्रवाई न होने से नाराज छात्रों ने दोबारा आंदोलन शुरू कर दिया है।

मंगलवार सुबह छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल कॉलेज परिसर से मार्च करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गया। इस दौरान छात्रों ने अपने खून से पत्र लिखकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा। छात्रों का कहना है कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है और उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी मनजीत का भाई सोशल मीडिया के जरिए उन्हें लगातार धमकी दे रहा है, जिससे छात्रों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कॉलेज परिसर में आरोपी तक हथियार कैसे पहुंचा, जो कि सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
छात्रों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अब पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं रहा। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

