UP College गोलीकांड: छात्र की हत्या के बाद परिसर में बवाल करने वाले छात्रों पर ‘दंगा’ का मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद कॉलेज परिसर में जमकर बवाल हुआ। घटना से आक्रोशित छात्रों ने तोड़फोड़ और हंगामा किया, जिसके बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उपद्रव करने वाले छात्रों के खिलाफ ‘दंगा’ सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। 

गाजीपुर निवासी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की कॉलेज परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर और हॉस्टल में जमकर तोड़फोड़ की। इस मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर अज्ञात छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने दंगा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में बताया गया कि 20 मार्च की सुबह करीब 11:10 बजे विज्ञान संकाय भवन के पास गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे शिक्षकों और कर्मचारियों ने देखा कि छात्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। उसे तत्काल कॉलेज वाहन से मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद कॉलेज में तनावपूर्ण माहौल बन गया। आक्रोशित छात्रों ने प्राचार्य आवास तक पहुंचकर तोड़फोड़ की और परिसर में खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इससे कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

इधर, घटना से आहत कॉलेज प्रशासन ने दो दिन का शोक घोषित करते हुए 23 और 24 मार्च को पठन-पाठन, कार्यालय और पुस्तकालय बंद रखने का निर्णय लिया है। प्राचार्य ने बताया कि इस दुखद घटना से पूरा कॉलेज परिवार मर्माहत है और छात्र-छात्राओं में भी गहरा शोक है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है, ताकि आगे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Share this story