UP College गोलीकांड: मुख्य आरोपी मंजीत चौहान कोर्ट में हुआ पेश, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में गया जेल, साथी अब भी फरार
वाराणसी। यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज हो गई है। इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसका साथी अब भी फरार है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने कॉलेज परिसर में क्लासरूम के बाहर छात्र सूर्य प्रताप सिंह को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना के दौरान लगभग 8 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे मौके पर ही छात्र की मौत हो गई। इस वारदात से पूरे कैंपस में दहशत फैल गई थी और छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बन गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मंजीत चौहान ने मौके पर पिस्टल फेंक दी और अपने एक साथी के साथ फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसका साथी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े हुए खौफनाक वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। फिलहाल, इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस दोनों सतर्क हैं और कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

