काशी विद्यापीठ में दाखिले में यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को मिलेगा 6 प्रतिशत का लाभ, बिहार बोर्ड के इंटर छात्रों को भी बोनस अंक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी विद्यापीठ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत मेरिट निर्धारण के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न शिक्षा बोर्डों के अंकों के तुलनात्मक विश्लेषण के आधार पर यूपी बोर्ड तथा बिहार बोर्ड के विद्यार्थियों को अतिरिक्त वेटेज देने का निर्णय लिया है।

कुलपति की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में तय किया गया कि यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट (10+2) के अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों में 6 प्रतिशत तथा बिहार बोर्ड के इंटरमीडिएट के अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर मेरिट तैयार की जाएगी। बढ़े हुए अंक केवल प्रवेश मेरिट सूची तैयार करने के लिए मान्य होंगे, जबकि छात्र का वास्तविक स्कोर वही रहेगा जो मूल अंकपत्र में दर्ज है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने बताया कि विभिन्न बोर्डों की मूल्यांकन प्रणाली का गहन अध्ययन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। वहीं सीबीएसई, आईसीएसई और एनआईओएस सहित अन्य बोर्डों के विद्यार्थियों के प्राप्तांकों में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि दो या अधिक अभ्यर्थियों का मेरिट स्कोर समान होता है, तो अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि आयु भी समान हो, तो हाईस्कूल (कक्षा 10) में अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र को प्रवेश दिया जाएगा।

इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी बोर्ड के अभ्यर्थी के प्राप्तांक में इस व्यवस्था के तहत अधिकतम 98.20 प्रतिशत तक ही प्रभावी वृद्धि मानी जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह व्यवस्था विभिन्न बोर्डों की मूल्यांकन पद्धति में अंतर को संतुलित करने और सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Share this story