UP Board Result 2026: वाराणसी में 10वीं में 91.49% छात्र सफल, सूर्यदीप प्रजापति बने टॉपर, 96.83% अंक के साथ किया नाम रोशन, देखिए टॉप 10 लिस्ट
वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार शाम घोषित हाईस्कूल (10वीं) के परीक्षा परिणाम में वाराणसी के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। क्वीन्स इंटर कॉलेज के छात्र सूर्यदीप प्रजापति ने 96.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में पहला स्थान हासिल किया।

टॉप रैंकर्स की सूची में कई छात्रों ने बनाई जगह
दूसरे स्थान पर मानसी यादव (96%, बीएसआईसी पैगंबरपुर सारनाथ) और अंशिका यादव (96%, श्रद्धा इंटर कॉलेज कचनार, राजातालाब) रहीं।
तीसरे स्थान पर शिवम कुमार (95.83%, शर्मीला इंटर कॉलेज, पौड़ीखुर्द) रहे।
चौथे स्थान पर आराध्या बरनवाल (95.33%), पांचवें स्थान पर अमन मौर्या (95.17%) और छठे स्थान पर आंचल पटेल (95%) ने जगह बनाई।
सातवें स्थान पर प्रियांशु यादव, प्रिंस पाल और आरती विश्वकर्मा (94.83%) रहे।
आठवें स्थान पर अमृता शर्मा, रुद्रांश त्रिपाठी और विजय लक्ष्मी यादव (94.67%) रहे।
नौवें स्थान पर श्रेयांशी पांडेय, दिव्य सिंह और शालिनी सिंह (94.50%) रहे।
दसवें स्थान पर तनिष्क वर्मा, इशिता सिंह, सत्यम सिंह, दीक्षा पाल, राजनंदनी और हिमांशु यादव (94.33%) ने संयुक्त रूप से स्थान हासिल किया।
वाराणसी में 91.49% रहा रिजल्ट
जिले में कुल 46,315 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 44,177 ने परीक्षा दी और 40,417 छात्र सफल हुए। इस प्रकार वाराणसी का कुल परिणाम 91.49 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर माना जा रहा है।
सख्त निगरानी में हुई थी परीक्षा
हाईस्कूल 2026 की परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की गई थी। पूरे उत्तर प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा 15 कार्यदिवसों में संपन्न हुई, जबकि 18 मार्च से 4 अप्रैल तक 254 मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों का मूल्यांकन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।
शिक्षा व्यवस्था की सफलता का परिणाम
सख्त निगरानी, CCTV कैमरों और पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया के चलते इस वर्ष परीक्षा प्रणाली अधिक निष्पक्ष और व्यवस्थित रही। शिक्षा विभाग ने सभी सफल छात्रों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

