UP Board Exam: परीक्षा केंद्रों की चयन प्रक्रिया, पहले जारी होगी डिबार केंद्रों की सूची, 29 अक्टूबर को आएगी अंतिम लिस्ट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। यूपी बोर्ड की ओर से वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों के चयन की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। बोर्ड की ओर से डिबार किए गए परीक्षा केंद्रों की सूची पहले जारी की जाएगी। इसके बाद 29 अक्टूबर को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।

इस बार पहली बार विज्ञान और गृह विज्ञान विषय की प्रायोगिक परीक्षाएं भी परीक्षा केंद्रों पर ही कराई जाएंगी। वहीं, कॉपियों की ऑनलाइन जांच की जाएगी। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर समय-सारिणी जारी कर दी है। क्षेत्रीय अपर सचिव भास्कर मिश्रा के अनुसार संशोधित कार्यक्रम के तहत विद्यालय 24 सितंबर को आधारभूत सूचनाएं अपलोड करेंगे। विद्यालयों के भौतिक सत्यापन की अंतिम तिथि तीन सितंबर और सत्यापित आख्या वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर निर्धारित की गई है। चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची 21 सितंबर को जारी होगी, जबकि डिबार केंद्रों की सूची 23 सितंबर को प्रदर्शित की जाएगी। 

केंद्रों को लेकर आपत्तियां 28 सितंबर तक ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक इन आपत्तियों का निस्तारण 8 अक्टूबर तक करेंगे। इसके बाद संशोधित केंद्र सूची 17 अक्टूबर को अपलोड की जाएगी। मानक से अधिक आवंटन को लेकर आपत्तियां 22 अक्टूबर तक ली जाएंगी। केंद्रों की अंतिम सूची 29 अक्टूबर तक जारी की जाएगी। 

इन मंडलों में होगा कापियों का मूल्यांकन 
बोर्ड की ओर से इस बार कराई जाने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन ऑनलाइन किया जाएगा। इसके लिए वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का प्रयोग के तौर पर वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ और गोरखपुर में मूल्यांकन कराया गया था। इसे सफल रहने के बाद व्यवस्था को व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है।

Share this story