यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026: मदन मोहन इंटर कॉलेज का 100% परिणाम, स्कूल में जश्न

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में इस बार भी छात्राओं का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला। जिले के मदन मोहन इंटर कॉलेज ने इस वर्ष शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। हाई स्कूल में 193 और इंटरमीडिएट में 213 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें सभी सफल घोषित हुए। इतना ही नहीं, विद्यालय के अधिकांश विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

123

हाई स्कूल की मेधावी छात्रा बबली कुशवाहा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर वह काफी चिंतित थीं, लेकिन नियमित अध्ययन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। बबली ने बताया कि उनका सपना आगे विज्ञान वर्ग से पढ़ाई कर सिविल सेवा में जाकर आईएएस अधिकारी बनने का है।

123

इसी क्रम में छात्रा संजना पटेल ने भी हाई स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी मेहनत का परचम लहराया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। संजना ने कहा कि वह आगे बायोलॉजी विषय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छात्राएं कॉलेज पहुंचीं, जहां प्रधानाचार्य संजय राय प्रियदर्शी ने स्वयं उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।

प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय में इस वर्ष 100 प्रतिशत परिणाम आया है और 80 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यही छात्र-छात्राएं आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

Share this story